इंसाफ नहीं मिला तो दे दूंगा जान! मंत्री के PA पर कार्रवाई बाधित करने का आरोप, आँख गंवाने वाले पीड़ित ने दी चेतावनी

सिंधु स्वाभिमान समाचारपत्र सूरजपुर / जयनगर:
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के सिलफिली (वार्ड नंबर 19) निवासी अनिल बंगाली से मारपीट का मामला अब बेहद गंभीर मोड़ पर पहुँच गया है। शराब के नशे में दो युवकों द्वारा की गई बर्बरता में अपनी एक आँख गँवा चुके अनिल बंगाली ने अब पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाते हुए आत्महत्या करने की चेतावनी दे दी है।
पीड़ित अनिल बंगाली ने जयनगर थाने में अपराध दर्ज कराया था, लेकिन उनका आरोप है कि महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के पीए (PA) के दबाव के कारण पुलिस आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने और राजनीतिक रसूख के कारण कार्रवाई बाधित होने का आरोप लगाते हुए पीड़ित ने अब इस पूरे मामले की शिकायत पुलिस महानिरीक्षक से शिकायत की बात कही है।
जारी वीडियो में पीड़ित ने साफ़ शब्दों में कहा है कि यदि उच्च अधिकारियों के हस्तक्षेप के बावजूद उन्हें न्याय नहीं मिला और दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे आत्महत्या करने को मजबूर होंगे। पीड़ित की इस गंभीर चेतावनी के बाद पुलिस प्रशासन और राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है।