पति की प्रताड़ना और अवैध संबंधों का खौफनाक अंत: 25 वर्षीय गर्भवती की मौत से संजय नगर में सनसनी

दहेज की बलि चढ़ी एक और मासूम? गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

संजय नगर: फांसी के फंदे पर झूली 9 माह की गर्भवती महिला , परिजनों का आरोप- ‘पति ने मारकर लटकाया

सिंधु स्वाभिमान समाचारपत्र सूरजपुर/संजयनगर
दहेज का दानव और रिश्तों में बेवफाई… जब ये दोनों एक साथ मिलते हैं, तो किसी का हंसता-खेलता परिवार तबाह हो जाता है। छत्तीसगढ़ के संजय नगर सड़क पारा से एक ऐसी ही दर्दनाक खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। 25 साल की निकिता बाइन, जो एक छोटे बच्चे की मां थी और वर्तमान में गर्भवती भी थी, उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है।

निकिता का शव फांसी के फंदे से लटकता मिला, जिसके बाद मृतिका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लेकिन यह मामला सिर्फ आत्महत्या का नहीं लगता… परिजनों ने सीधा और गंभीर आरोप लगाया है कि निकिता की हत्या कर उसे फांसी के फंदे पर लटकाया गया है, ताकि मामला आत्महत्या का लगे।

परिजनों के मुताबिक, निकिता का पति आकाश बाइन लंबे समय से दहेज के लालच में उसके साथ मार-पीट और मानसिक प्रताड़ना करता आ रहा था। हर बार परिजन निकिता को समझा-बुझाकर मामला शांत करवा देते थे, इस उम्मीद में कि शायद एक दिन हालात सुधर जाएंगे। लेकिन प्रताड़ना का यह सिलसिला कभी थमा नहीं।

इतना ही नहीं, परिजनों का यह भी खुलासा है कि आरोपी पति आकाश बाइन का कई अन्य लड़कियों के साथ अवैध संबंध था। निकिता को जब इस बात का पता चला, तो उसने यह पूरी बात अपने पिता को भी बताई थी। आरोप है कि जब भी निकिता पति की इन करतूतों और दहेज की मांग का विरोध करती, आकाश उसके साथ बेरहमी से मारपीट करता था।

एक गर्भवती महिला और उसके मासूम बच्चे की परवाह किए बिना जिस तरह से यह पूरी वारदात हुई है, उसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों ने अब पुलिस से निष्पक्ष जांच और आरोपी पति आकाश बाइन के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।