सूरजपुर के 38 गांवों में बिजली की मांग को लेकर 7 अगस्त को ‘आप’ का एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन

सिंधु स्वाभिमान समाचारपत्र सूरजपुर: ओड़गी विकासखंड के चांदनी–बिहारपुर क्षेत्र के 38 गांवों में नियमित विद्युत आपूर्ति शुरू कराने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) आगामी 07 अगस्त को मोर्चा खोलने जा रही है। पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण 07 अगस्त (शुक्रवार) को दोपहर 12:00 बजे से बिहारपुर थाना परिसर के समीप एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेंगे। धरना-प्रदर्शन के बाद बिहारपुर बाजार में एक रैली भी निकाली जाएगी।
आम आदमी पार्टी के अनुसार, क्षेत्र में लगभग एक दशक पहले लगाई गई सोलर बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप हो चुकी है। विद्युत विस्तार कार्य की प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बावजूद आज तक काम अधूरा पड़ा है, जिससे हजारों ग्रामीण अंधेरे में जीवन गुजारने को मजबूर हैं। बिजली न होने के कारण क्षेत्र की शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई और संचार जैसी मूलभूत सुविधाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं।
आश्वासन के बाद भी कार्रवाई नहीं:
आप के लोकसभा सचिव लव कुमार ने बताया कि इस समस्या को लेकर 04 नवंबर 2025 को जिला कलेक्टर को विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया था। इसके अलावा ग्रामीणों ने 10 दिनों तक शांतिपूर्ण धरना भी दिया था, तब प्रशासन ने एक महीने के भीतर बिजली व्यवस्था शुरू करने का आश्वासन दिया था। हालांकि, समय बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते पार्टी को दोबारा आंदोलन का रास्ता चुनना पड़ रहा है।
वरिष्ठ नेता होंगे शामिल:
जिलाध्यक्ष रवि जायसवाल ने स्पष्ट किया कि पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और संवैधानिक दायरे में आयोजित किया जाएगा। इस आंदोलन में प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज दुबे, सरगुजा जोन सह-प्रभारी नूर हसन, सरगुजा लोकसभा अध्यक्ष इंद्रदेव नाग और सरगुजा लोकसभा सचिव लव कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। पार्टी ने क्षेत्रीय जनता, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों से इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।