सिंधु स्वाभिमान समाचारपत्र सूरजपुर जिले में आतंक का दूसरा नाम बन चुका ‘कबरा कान’ वाला हाथी अब इंसानी जिंदगियों को रौंदता हुआ बेखौफ घूम रहा है, लेकिन नींद से न जागने वाला वन विभाग और डीएफओ साहब सिर्फ फाइलों में उलझे हैं या फिर अपनी कलाकारी दिखाने में व्यस्त हैं! हालात यह हैं कि पिछले महज 6 महीनों में यह आक्रामक हाथी अब तक 17 मासूमों की जान ले चुका है, और अकेले पिछले एक हफ्ते में ही इसने 5 लोगों को मौत के घाट उतार दिया है। दीपावली की खुशियों के बीच इस आदमखोर हाथी ने दो लोगों की सांसें छीनी थीं, और अब ताजा मामले में आज देर रात एक और ग्रामीण को कुचलकर मार डाला। कल्याणपुर से करमपुर की तरफ फसलों को बर्बाद करते हुए यह हाथी कन्दरई क्षेत्र में जा पहुंचा। टुरी पतरा निवासी 55 वर्षीय विसुन, जो अपने रिश्तेदार के यहां से देर रात लगभग 1 बजे लौट रहे थे, बाजार पारा के समीप इस खूंखार हाथी के सामने आ गए। हाथी ने बेरहमी से कुचलकर विसुन की जीवनलीला समाप्त कर दी। शायरी की महफिलें सजीं, इधर उजड़ते रहे मासूमों के घर! यह मामला महज एक सामान्य वन्यजीव दुर्घटना का नहीं, बल्कि वन विभाग और विशेषकर सूरजपुर डीएफओ की सुस्ती और घोर लापरवाही का जीवंत प्रमाण है। एक तरफ जहां पूरा सूरजपुर जिला ‘कबरा कान’ वाले हाथी के खौफ से कांप रहा है और पिछले 6 महीनों में 17 बेकसूर लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, वहीं दूसरी तरफ जिम्मेदार अधिकारियों का हाल देखिए। दीपावली से ठीक पूर्व साहब ने अधिकारियों और कर्मचारियों के सामने ही शायरी सुनाई l इस बैठक में हाथी-मानव द्वंद्व को रोकने या सुरक्षा के पुख्ता उपाय करने पर चर्चा करने के बजाय, डीएफओ साहब बड़े मजे से प्यार-मोहब्बत और इश्क के विषयों पर बहुत ही उम्दा और बेहतरीन शायरी सुनाने में व्यस्त रहे। महफिल में तालियां बजती रहीं, वाह-वाही लूटती रही, लेकिन डीएफओ साहब शायद यह भूल गए कि उनके महकमे की नाकामी के चलते मैदान में इंसानों की अर्थियां उठ रही हैं। जनता पूछ रही है कि यदि डीएफओ साहब ने अपनी इस शायरी और कलात्मक ऊर्जा का आधा हिस्सा भी हाथी-मानव द्वंद्व को रोकने, गश्त बढ़ाने और क्षेत्र की सुरक्षा पर ध्यान देने में लगाया होता, तो शायद आज सूरजपुर में यह तांडव देखने को नहीं मिलता और इतनी सारी बेकसूर जानें नहीं जातीं। साहब की यह संवेदनहीनता और लापरवाही बताती है कि उन्हें जनता की चीखों से ज्यादा अपनी शायरी की वाहवाही ज्यादा प्यारी है। महज 25 हजार का मुआवजा—जिंदगियों की कीमत? इंसानी जानों के इस भीषण नुकसान के बाद वन विभाग ने औपचारिकता निभाते हुए मृतक के परिजनों को महज 25 हजार रुपए की तात्कालिक सहायता राशि थमा दी है। सवाल यह उठता है कि क्या एक इंसान की जान की कीमत महज चंद हजार रुपए है? घटना के बाद अब एक बार फिर विभाग वही घिसी-पिसी बातें कर रहा है—हाथी को ट्रैक्युलाइज करने और कॉलर आईडी लगाने का दावा। लेकिन जनता पूछ रही है कि जब तक यह हाथी अगली जान लेगा, तब तक क्या अमला सोता रहेगा? डीएफओ की इस संवेदनहीनता और लचर कार्यशैली के चलते सूरजपुर की जनता दहशत के साये में जीने को मजबूर है। अब देखना यह होगा कि गाफिल वन विभाग कब नींद से जागता है, या फिर अभी और कितनी लाशें गिरने का इंतजार किया जाएगा? Post navigation सूरजपुर: एक ही डाइस कोड पर संचालित हो रहे थे निजी स्कूल, ‘नित्या पब्लिक स्कूल’ सहित तीन संस्थानों को प्रशासन ने थमाया कारण बताओ नोटिस