एक बच्चे की जान की कीमत सिर्फ ‘दलाली’? झोलाछाप पर मेहरबान पुलिस-प्रशासन, खबर छिपाने के लिए धौंस जमा रहे नौसिखिए नेता सिंधु स्वाभिमान समाचारपत्र ओड़गी/सूरजपुर : सूरजपुर जिले के ओड़गी क्षेत्र के मोहरसोप अंतर्गत एक साढ़े तीन साल के मासूम बच्चे की मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। एक तरफ जहां झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही और अमानवीय कृत्य ने मासूम की जान ले ली, वहीं दूसरी तरफ जिम्मेदार विभागों की उदासीनता और कथित दलाली जैसी प्रवृत्तियों ने इस पूरी घटना को मजाक बनाकर रख दिया है। हैरानी की बात यह है कि गंभीर आपराधिक मामला सामने आने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग द्वारा अब तक आरोपी झोलाछाप डॉक्टर रामानुज विश्वकर्मा के विरुद्ध पुलिस में अपराध दर्ज नहीं करवाया गया है। डॉक्टर ब्रजेश कुशवाहा का अजीब बयान: रिपोर्ट सौंपी, पर कार्रवाई सिफर जब इस संवेदनशील विषय पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोहरसोप के चिकित्सक डॉ. ब्रजेश कुशवाहा से बात की गई, तो उनका गोलमोल जवाब सामने आया। उनके द्वारा यह कहकर पल्ला झाड़ लिया गया कि “पुलिस को जांच रिपोर्ट सौंप दी गई है, लेकिन पुलिस ने इस विषय पर अब तक कोई अपराध दर्ज नहीं किया है।” यह बयान प्रशासनिक तंत्र के बीच पसरी सुस्ती और एक-दूसरे पर जिम्मेदारी टालने की प्रवृत्ति को साफ उजागर करता है। मासूम की मौत को बनाया जा रहा है रोटी सेकने का जरिया स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि कुछ जिम्मेदार और तथाकथित लोग इस गंभीर मामले में भी अपनी रोटियां सेकने में लगे हुए हैं। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के बजाय, इस तरह के संवेदनशील और दुखद मामलों को लीपापोती कर दबाने का प्रयास किया जा रहा है। हालात यह हैं कि कुछ लोग मासूम की मौत के नाम पर अपनी दलाली वाली मानसिकता का परिचय देते हुए एक मासूम की मौत में दलाली करते हुए अपने घरों का चूल्हा जलाने और परिवार का पेट पालने में व्यस्त हैं, जिन्हें एक बच्चे की दर्दनाक मौत से ज्यादा अपने स्वार्थ की चिंता है। न्यूज दबाने के लिए भाजपा नेत्री ने भी बनाया था दबाव, ऑडियो हुआ था तेजी से वायरल इस मामले को उजागर करने वाले एक पत्रकार पर खबर को डिलीट करने का भारी दबाव बनाया गया। भाजपा महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष सरोज यादव द्वारा पत्रकार को फोन कर न्यूज हटाने के लिए दबाव डाला गया, जिसका ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। यह इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि किस प्रकार रसूखदार लोग सच को दबाने और अपराधियों को बचाने के लिए खुलेआम हथकंडे अपना रहे हैं। क्या था पूरा मामला? विशेष संवाददाता से मिली जानकारी के अनुसार 1 अक्टूबर 2026 को एक पागल कुत्ते ने साढ़े तीन साल के मासूम बच्चे के गाल और पैरों को बुरी तरह काट लिया था। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोहरसोप से बच्चे को जिला अस्पताल सूरजपुर रेफर किया गया था। आरोप है कि इसके बावजूद झोलाछाप डॉक्टर रामानुज विश्वकर्मा ने बच्चे का अवैध रूप से इलाज किया और उसके घाव पर टांके लगा दिए, जिसके परिणामस्वरूप 17 अक्टूबर 2026 को इलाज के दौरान मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान सवाल यह उठता है कि क्या किसी मासूम की जान की कीमत इतनी कम है कि कागजी खानापूर्ति कर मामलों को रफा-दफा कर दिया जाएगा? पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की इस लचर कार्यशैली से आम जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने मांग की है कि इस मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ सख्त से सख्त आपराधिक धाराओं में एफआईआर दर्ज हो और सच को दबाने वाले तथाकथित जिम्मेदारों व दलालों के चेहरे बेनकाब किए जाएं। Post navigation पैसे नहीं दिए तो हटा दिया नाम…” आंगनवाड़ी सहायिका चयन में धांधली का गंभीर आरोप, आवेदिका ने मंत्री से लगाई न्याय की गुहार