सिंधु स्वाभिमान समाचारपत्र सूरजपुर जिले के गोविंदपुर पंचायत अंतर्गत चौकी रेवटी क्षेत्र से कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। निजी पट्टे की भूमि पर बाउंड्रीवाल निर्माण करा रहे एक ग्रामीण के साथ मारपीट, जान से मारने की धमकी और बाद में झूठे SC/ST एक्ट के मामले में फँसाने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित लक्ष्मीनारायण पटेल (55 वर्ष) ने बताया कि सोमवार सुबह लगभग 8:30 बजे, उनकी वैध रूप से पट्टे पर दर्ज भूमि पर चल रहे बाउंड्रीवाल निर्माण को लेकर निर्मल नेताम एवं उसकी बहन मनबसिया द्वारा विवाद किया गया। आरोप है कि सरपंच तथा उनके कुछ रिश्तेदारों की मौजूदगी में पीड़ित के साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई।


पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद से लगातार दबाव बनाया जा रहा है और उन्हें झूठे SC/ST एक्ट के प्रकरण में फँसाने की धमकियाँ दी जा रही हैं, जिससे पूरा परिवार भय और मानसिक तनाव में है। पीड़ित के अनुसार संबंधित भूमि पूरी तरह निजी एवं कानूनी रूप से उनके नाम पट्टे पर दर्ज है, इसके बावजूद निर्माण कार्य को जबरन रोकने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना की शिकायत चौकी रेवटी में दर्ज कराई जा चुकी है तथा पीड़ित के पास चिकित्सकीय परीक्षण (एमएलसी) रिपोर्ट भी उपलब्ध है। इसके बावजूद आरोपियों द्वारा धमकियाँ दिए जाने का सिलसिला जारी है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक सूरजपुर, कलेक्टर सूरजपुर एवं अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम (SC/ST) से संबंधित आज़ाक थाना में लिखित आवेदन देकर निष्पक्ष जांच, पुलिस संरक्षण और दोषियों के विरुद्ध सख़्त कानूनी कार्रवाई की माँग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *