सेवा संकल्प अभियान: गुजरात से निकली बाइक रैली का उदयपुर में भव्य स्वागत
मंत्री राजेश अग्रवाल ने राइडर्स संग रामगढ़ श्रीराम मंदिर में किया दर्शन-पूजन

सिंधु स्वाभिमान समाचारपत्र रामगढ़ सरगुजा: गुजरात से सेवा, संस्कार और समाज के प्रति समर्पण का संदेश लेकर निकली ‘सेवा संकल्प अभियान’ की बाइक रैली के उदयपुर पहुंचने पर छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने राइडर्स टीम का भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया।
उदयपुर में स्वागत के पश्चात कैबिनेट मंत्री श्री अग्रवाल बाइक राइडर्स के साथ रामगढ़ स्थित ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल श्रीराम मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने राइडर्स टीम के साथ प्रभु श्रीराम के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।
युवाओं की ऊर्जा सेवा से जुड़े तो बनता है राष्ट्र मजबूत: मंत्री राजेश अग्रवाल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा, “सेवा भारतीय संस्कृति का मूल संस्कार है। हमारी संस्कृति हमें स्वयं से पहले समाज और राष्ट्रहित के बारे में सोचने की प्रेरणा देती है। गुजरात से निकला यह अभियान केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि एकता और सामाजिक दायित्व को जन-जन तक पहुंचाने का प्रेरक प्रयास है। जब युवाओं की ऊर्जा सेवा और समाजहित के संकल्प से जुड़ती है, तो वह सकारात्मक परिवर्तन की बड़ी शक्ति बनती है।”
रामगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण हमारी जिम्मेदारी
प्रभु श्रीराम के जीवन मूल्यों का उल्लेख करते हुए मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि रामगढ़ हमारी समृद्ध ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत का प्रमुख केंद्र है। धरोहरें केवल अतीत की स्मृतियां नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को अपने इतिहास और संस्कारों से जोड़ने का माध्यम हैं। इनके संरक्षण और संवर्धन के साथ इस गौरव को आगे बढ़ाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
इस दौरान राइडर्स टीम और स्थानीय नागरिकों ने सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनसेवा और सामाजिक सरोकारों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

You missed